रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पछुआ हवाओं के असर से ठंड ने फिर जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह हल्की धुंध छाई रही, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया और धूप निकली। लेकिन पछुआ हवाओं के कारण धूप में गर्माहट कम महसूस हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ेगा। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, लखनऊ का AQI 198 दर्ज किया गया।
सुबह धुंध, दिन में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के तराई और आसपास के कुछ इलाकों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धुंध और कोहरा छंटने की संभावना है और मौसम साफ रहेगा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, ठंडी पछुआ हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर सुबह और रात के समय देखने को मिलेगा।
चक्रवात कमजोर पड़ा तो बदला हवाओं का रुख
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से कुछ दिनों तक हवाओं का पैटर्न बदला हुआ था। उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं की जगह पूर्व दिशा से गर्म और नमी वाली हवाएं चल रही थीं। इसके चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई थी।
अब चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद हवाओं का रुख फिर बदल गया है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली अपेक्षाकृत गर्म हवाओं की जगह हिमालयी क्षेत्र से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं। इसी वजह से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है और राजधानी में ठंड का असर बढ़ने लगा है।
