लखनऊ/मेरठ, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को एक और बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माण इकाई का शिलान्यास किया।
2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाली इस विश्वस्तरीय फैक्ट्री से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ अब केवल खेल उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास में एंकर यूनिट की भूमिका निभाएगी। इससे स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाले प्लांट का भूमिपूजन हुआ। वहीं, ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर बातचीत हुई है। अब मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई का शिलान्यास इसी बदलते औद्योगिक माहौल का प्रमाण है।
बेहतर कनेक्टिविटी से मेरठ बना निवेश का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ की भौगोलिक स्थिति और बेहतर कनेक्टिविटी इसे उद्योगों के लिए आकर्षक बना रही है। नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता से यहां कारोबार को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच भी औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण है
उन्होंने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में मेरठ की यह इकाई कंपनी को देश और वैश्विक बाजार में अपने कारोबार के विस्तार का अवसर देगी।
### 14 हजार से बढ़कर 35 हजार के पार पहुंचीं फैक्ट्रियां
सीएम योगी ने 2017 के बाद प्रदेश में हुए औद्योगिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश ने विकास के हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। आजादी के बाद 2017 तक प्रदेश में करीब 14 हजार फैक्ट्रियां थीं, जबकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं। अब इनकी संख्या 35 हजार के पार पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और उद्योगों के अनुकूल नीतियों ने उत्तर प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया है। आज प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक कैपेक्स के साथ आगे बढ़ रहा है।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में यूपी की बड़ी हिस्सेदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के कुल मोबाइल उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स उत्पादन में 60 प्रतिशत है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्र भी प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंड ब्रेकिंग का लक्ष्य है।
1 करोड़ एमएसएमई और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप आर्थिक विकास को मजबूती दे रहे हैं। निवेश को आसान बनाने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी, 75 हजार एकड़ से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आधुनिक आईएमएलसी क्लस्टर और निवेश मित्र सिंगल विंडो पोर्टल की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई से अधिक खरीदारी करने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग देने और अधिकृत रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के साथ मिलकर टिकाऊ विनिर्माण को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार परियोजना के हर चरण में कंपनी के साथ सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा सहित शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
