लखनऊ, 25 नवंबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और क्वांटम कंप्यूटिंग के बढ़ते इस्तेमाल के बीच उत्तर प्रदेश सरकार डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की पहल पर साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सरकारी डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से निपटने की रणनीति पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सिस्को ने सहयोग किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में शासन-प्रशासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने कार्यशाला की पहल की।

कार्यशाला में साइबर गवर्नेंस को मजबूत बनाने, सरकारी विभागों की डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करने और नई तकनीकों से पैदा होने वाले साइबर खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करने पर चर्चा हुई।
एआई आधारित साइबर हमलों, क्वांटम कंप्यूटिंग से जुड़ी संभावित सुरक्षा चुनौतियों और साइबर घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन पर भी विशेषज्ञों ने सुझाव दिए।
दो हजार करोड़ के यूपी एआई मिशन से युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि आधुनिक तकनीक भविष्य के उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित की समस्याओं के समाधान में एआई का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही युवाओं को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर भी जोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है। इसके अलावा ग्रामीण युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी दी।
सरकारी सेवाओं में डेटा की शुद्धता और निजता जरूरी
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि सरकारी सेवाओं में एआई का इस्तेमाल करते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभागों में डेटा की एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। इसी तरह उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की जानकारी सार्वजनिक होने से उसकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसलिए तकनीकी कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता भी सुनिश्चित करनी होगी।
राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी है। उन्होंने करदाताओं से संवाद और ‘विभाग आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए बेहतर कर प्रशासन और सुशासन पर जोर दिया।
साइबर सुरक्षा में एआई की भूमिका पर चर्चा
पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में विश्वास, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि साइबर हमलों का खतरा विकसित देशों में भी बना हुआ है। ऐसे में डिजिटल तकनीक से दूरी बनाने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।
यूपी एटीएस के डीआईजी अभिषेक यादव ने कहा कि फर्जी डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी एजेंसियों को आधुनिक तकनीक अपनानी होगी। एआई लाखों डेटा का विश्लेषण कर जांच और कानून प्रवर्तन में मदद कर सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय मानव अधिकारी का ही होना चाहिए।
सरकारी संस्थानों में नियमित साइबर सुरक्षा ऑडिट की जरूरत
कर्नल शिखा मेहरोत्रा ने सरकारी अस्पतालों, बैंकों और सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि साइबर हमले से पहले ही सुरक्षा तैयारियां पूरी होनी चाहिए।
वहीं, सिस्को इंडिया और दक्षिण एशिया के सीटीओ सिक्योरिटी एवं निदेशक संदीप अग्रवाल ने एआई को साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण तकनीक बताया। उन्होंने आइडेंटिटी एवं एक्सेस मैनेजमेंट, सेगमेंटेशन और विजिबिलिटी को मजबूत साइबर सुरक्षा के तीन प्रमुख स्तंभ बताया।
कार्यशाला के विशेष पैनल में श्रम एवं सेवायोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपी डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राणा, उत्तर प्रदेश वन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. सुजॉय बनर्जी, आयकर आयुक्त (अपील) डॉ. नील जैन, डीआरआई लखनऊ जोन के एडीजी डॉ. विद्युत विकास, 35वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट अमित कुमार, यूआईडीएआई के क्षेत्रीय निदेशक कर्नल (डॉ.) प्रवीण कुमार सिंह, डीएससीआई के अतुल कुमार और आईआईटी इलाहाबाद के प्रो. वृजेंद्र सिंह समेत कई विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।
