Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट-गाइड रैली संपन्न, 26 टीमों को मिला...

लखनऊ में तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट-गाइड रैली संपन्न, 26 टीमों को मिला ए ग्रेड

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ, 26 नवंबर। भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश के जनपद लखनऊ की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जनपदीय स्काउट एवं गाइड रैली का गुरुवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने विजेता टीमों को सम्मानित किया।

रैली के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर 26 टीमों को ए ग्रेड, आठ टीमों को बी ग्रेड और तीन टीमों को सी ग्रेड प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र सिंह ने सभी विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर स्काउट-गाइड रैली का समापन होना हर्ष का विषय है। उन्होंने श्रीराम दरबार की झांकी की सराहना करते हुए कहा कि संविधान में भी भगवान श्रीराम के दरबार का चित्र अंकित है।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग और गाइडिंग विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों को जीवन में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

बिना बर्तन के बनाया भोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

रैली के तीसरे और अंतिम दिन बिना बर्तन के भोजन बनाने, प्रदर्शनी, झांकी, कैंप क्राफ्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्काउट्स और गाइड्स ने आकर्षक टेंट तैयार किए, जिनमें दैनिक उपयोग की वस्तुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित किया गया। बच्चों ने बिना बर्तन के बाटी, चोखा, खीर और पंचामृत सहित विभिन्न व्यंजन तैयार किए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लखनऊ पब्लिक इंटर कॉलेज, ए ब्लॉक राजाजीपुरम की स्काउट-गाइड बैंड टीम ने राम दरबार की झांकी के साथ आरती और हनुमान चालीसा की प्रस्तुति दी। सर्वपल्ली राधाकृष्णन इंटर कॉलेज, तेलीबाग के विद्यार्थियों ने ‘राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे’ भावनृत्य और पंजाबी गिद्दा प्रस्तुत किया। एसएसजेडी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने डांडिया नृत्य और शिव तांडव की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, लखनऊ पब्लिक इंटर कॉलेज की गाइड टीम ने पिता-पुत्र विषय पर आकर्षक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर रैली संयोजक एवं संरक्षक डॉ. आरपी मिश्र, मुख्यायुक्त डॉ. जेपी मिश्र, जिला सचिव अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, जिला कमिश्नर गाइड संगीता अग्रवाल, जिला कमिश्नर स्काउट महेंद्र तिवारी, संयुक्त सचिव मीता श्रीवास्तव, डीओसी स्काउट एसएस मिश्र और डीओसी गाइड मधु पांडेय सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और स्काउट-गाइड प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular