रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में HIV संक्रमित एक मरीज ने डॉक्टर और कर्मचारी पर अभद्रता और भेदभाव करने का आरोप लगाया है। मरीज का दावा है कि उसे एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) की पूरी दवा भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे परेशान होकर उसने KGMU में इलाज बंद कर दूसरी जगह उपचार शुरू करा दिया।
मरीज ने इस संबंध में KGMU के कुलपति, कुलसचिव, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) को लिखित शिकायत भेजी है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दिसंबर 2025 में HIV संक्रमण की हुई थी पुष्टि
शिकायत के मुताबिक, मरीज को दिसंबर 2025 में जांच के दौरान HIV संक्रमण का पता चला था। इसके बाद वह इलाज के लिए KGMU पहुंचा। मरीज का आरोप है कि वहां एक महिला डॉक्टर ने संक्रमण के डर से उसे मास्क लगाकर रखने की हिदायत दी। इसके अलावा उसने एक महिला कर्मचारी पर भी अभद्र व्यवहार करने और भेदभाव करने का आरोप लगाया है।
मरीज का दावा है कि 9 अप्रैल को उसे ART की केवल 14 गोलियां दी गईं, जबकि उसे पूरी दवा की आवश्यकता थी। इस घटना से आहत होकर उसने KGMU में इलाज बंद कर दूसरी जगह उपचार शुरू करा दिया।
KGMU ने आरोपों को बताया गलत, जांच का आश्वासन
वहीं, KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने मरीज के साथ अभद्रता और भेदभाव के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उपलब्धता के अनुसार मरीजों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके बावजूद मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
