Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचे सलमान खान, भाईजान की एक झलक पाने को उमड़ी...

लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचे सलमान खान, भाईजान की एक झलक पाने को उमड़ी छात्रों की भीड़

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का स्टारडम एक बार फिर लखनऊ में देखने को मिला। शुक्रवार को अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ सलमान खान लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचे तो परिसर में विद्यार्थियों की भारी भीड़ जुट गई। भाईजान की एक झलक पाने के लिए छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

सलमान खान और चित्रांगदा सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। दोनों कलाकारों के आने की खबर मिलते ही परिसर में विद्यार्थियों का जमावड़ा लगने लगा। जैसे ही सलमान खान विश्वविद्यालय पहुंचे, छात्रों ने उन्हें देखने के लिए उत्साह दिखाया। कई विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने में जुट गए।

इस दौरान सलमान खान ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। उन्होंने परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। सलमान को सामने देखकर विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ गया। अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने भी छात्रों का अभिवादन किया।

 कैंपस में दिखा भाईजान का क्रेज

आमतौर पर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले लखनऊ विश्वविद्यालय का माहौल शुक्रवार को फिल्मी रंग में रंगा नजर आया। कोई सलमान खान की एक झलक पाने के लिए आगे बढ़ता दिखा तो कोई इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता रहा।

सलमान खान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके पहुंचते ही परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुट गए। कुछ देर के लिए विश्वविद्यालय कैंपस में पढ़ाई से ज्यादा चर्चा बॉलीवुड के भाईजान की होती रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular