Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने 7 महीने की मासूम को कुचला, मौके...

लखनऊ: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने 7 महीने की मासूम को कुचला, मौके पर मौत; आरोपी चालक गिरफ्तार

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ के चिनहट इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सात महीने की मासूम बच्ची की जान चली गई। लौलाई स्थित कांशीराम कॉलोनी में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने वॉकर के सहारे घूम रही बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसके पिता बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पिता के साथ कॉलोनी में घूम रही थी मासूम

जानकारी के मुताबिक, प्रमोद कुमार अपने परिवार के साथ लौलाई स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहते हैं। वह सिविल लाइंस में ड्राइवर के पद पर तैनात हैं। परिवार में पत्नी किरण और सात महीने की बेटी आराध्या थी।

शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे प्रमोद अपनी बेटी आराध्या को वॉकर के सहारे कॉलोनी परिसर में टहला रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही फॉर्च्यूनर ने बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे में आराध्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता सुरक्षित बच गए।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजन और कॉलोनी के लोग पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इसके बाद लोगों ने एमिटी यूनिवर्सिटी के पास करीब ढाई घंटे तक प्रदर्शन किया।

परिजनों का आरोप था कि शुरुआत में प्रशासन की ओर से कार्रवाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई और उन्हें केवल आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

20 साल की मन्नतों के बाद हुआ था बेटी का जन्म

मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है। मां किरण का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि करीब 20 साल की मन्नतों के बाद उनके घर बेटी का जन्म हुआ था। परिवार ने बड़े अरमानों से उसका पालन-पोषण शुरू किया था, लेकिन एक साल पूरा होने से पहले ही बच्ची की जिंदगी खत्म हो गई।

बीबीडी इलाके से आरोपी गिरफ्तार

इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित पिता प्रमोद कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीबीडी इलाके के ग्राम हासेमऊ निवासी शिवम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular