आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह ख़ान ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर दावा किया कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम उन्हें गिरफ़्तार करने उनके घर पहुंची है.
अमानतुल्लाह ख़ान ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरे घर अभी ईडी के लोग मुझे गिरफ़्तार करने के लिए पहुंचे हैं.”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “अभी सुबह-सुबह तानाशाह के इशारे पर उनकी कठपुतली ईडी मेरे घर पर पहुंच चुकी है, मुझे और आप नेताओं को परेशान करने में तानाशाह कोई कसर नहीं छोड़ रहा.”
उन्होंने कहा, “ईमानदारी से अवाम की ख़िदमत करना गुनाह है? आख़िर ये तानाशाही कब तक?”
अमानतुल्लाह ख़ान के पोस्ट पर आम आदमी पार्टी के कई नेताओं की प्रतिक्रिया आई है.
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने उनकी पोस्ट को रीट्वीट किया.
मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा, “ईडी का बस यही काम रह गया है. बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) के ख़िलाफ़ उठने वाली हर आवाज़ को दबा दो. तोड़ दो. जो टूटे नहीं, दबे नहीं, उसे गिरफ़्तार करके जेल में डाल दो.”
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने एक्स पर अमानतुल्लाह ख़ान के घर का वीडियो शेयर किया.
अपने पोस्ट में संजय सिंह ने लिखा, “ईडी की निर्दयता देखिए. अमानतुल्लाह ख़ान पहले ईडी की जांच में शामिल हुए, उनसे आगे के लिए समय भी मांगा. उनकी सास को कैंसर है. उनका ऑपरेशन हुआ है. घर में सुबह सुबह धावा बोलने पहुंच गए.”
संजय सिंह ने लिखा, “अमानतुल्लाह ख़ान के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं हैं लेकिन मोदी की तानाशाही और ईडी की गुंडागर्दी दोनों जारी है.”
