रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति और शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की छात्र विंग ASAP (Association of Students for Alternative Politics) ने मंगलवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। हजरतगंज के पास जीपीओ पर हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनित रावत ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के साथ शिक्षकों के हजारों पद खाली हैं। उनके मुताबिक, कई स्कूलों में पर्याप्त कमरे नहीं हैं और जहां कमरे उपलब्ध हैं, वहां शिक्षकों की कमी बनी हुई है।

‘बच्चे शिक्षक की मांग को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर’
अनित रावत ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति इतनी खराब है कि बच्चों को पढ़ाई और शिक्षकों की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को कक्षा में बैठकर पढ़ाई करनी चाहिए, वे सरकार से शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

77,400 से ज्यादा पद खाली होने का दावा
रावत ने दावा किया कि प्रदेश में 77,400 से अधिक शिक्षकों के पद रिक्त हैं। उन्होंने सरकार से इन पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने के साथ हजारों युवाओं को रोजगार भी मिल सकेगा।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
AAP छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण का जिक्र करते हुए युवाओं के सवालों को ‘नक्सली दिमाग’ से जोड़ने पर भी आपत्ति जताई।

रावत ने आरोप लगाया कि गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा से दूर रखा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी रिक्त शिक्षक पदों को जल्द भरा जाए और सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रदर्शन के दौरान छात्र विंग के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, प्रदेश संगठन मंत्री आशीष, निलेश, चंद्रजीत, शाहिद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
