रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
मुंबई। वंदे मातरम् के गायन को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की तुलना पड़ोसी देश पाकिस्तान से कर दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारत की चेतना को दर्शाता है और इसे लेकर इतनी नफरत समझ से परे है।
दरअसल, 15 अगस्त को कांग्रेस के एक कार्यक्रम में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मौजूदगी में वंदे मातरम् के गायन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।

‘वंदे मातरम् भारत की चेतना को दर्शाता है’
कंगना रनौत ने कहा कि वंदे मातरम् भारत की चेतना को दर्शाता है। उन्होंने अपने कलाकार होने का हवाला देते हुए कहा कि वह समझ सकती हैं कि किसी कविता या गीत का देश पर कितना प्रभाव पड़ सकता है।
कंगना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने कैमरे की भी परवाह नहीं की और कैमरा बंद कराने को लेकर परेशान होते नजर आए। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि पाकिस्तान के लोग भी कथित तौर पर उतना नहीं तड़पते, जितना कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।
‘देश विरोधी बन चुकी है कांग्रेस’
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता पूरे देश में हंसी का पात्र बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले बीजेपी विरोधी थी, लेकिन अब वह देश विरोधी बन चुकी है।
कंगना का यह बयान ऐसे समय आया है जब वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
‘दिमागी नक्सलवाद से लड़ना बीजेपी की नई चुनौती’
मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के बाद कंगना रनौत ने एक अन्य मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सामने अब ‘दिमागी नक्सलवाद’ से लड़ने की चुनौती है।
कंगना ने सोशल मीडिया और ‘रील कल्चर’ का जिक्र करते हुए कहा कि आज कई युवा अखबार, किताबों और माता-पिता की गाइडेंस के बजाय सोशल मीडिया से जानकारी हासिल कर रहे हैं। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर गलत जानकारी के जरिए महिलाओं और युवाओं को बरगलाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गलत जानकारी और भ्रम के खिलाफ लड़ने की तैयारी की जा रही है।
