रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा के सेवला जाट में ढाबा कर्मी बिट्टू लवानिया हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सिपाही जैकी चौधरी को पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है।,

आरोपी पर सरकारी पिस्टल से बिट्टू को गोली मारने का आरोप है। घटना 9 अक्टूबर की है, जब महेश के ढाबे पर विवाद के दौरान बिट्टू के सीने में गोली लग गई थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बिट्टू और जैकी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों की पहचान बिट्टू के दोस्तों रवि और देवा के जरिए हुई थी। बताया जा रहा है कि एक जन्मदिन की पार्टी में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद से ही उनके बीच रंजिश चल रही थी।
वारदात वाले दिन बिट्टू, रवि, देवा और जैकी ढाबे के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में बैठे थे। इसके बाद सभी महेश के ढाबे पर पहुंचे। यहां एक बार फिर बिट्टू और जैकी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान जैकी ने पहले हवा में फायरिंग की और फिर बिट्टू के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
आरोपी जैकी चौधरी आगरा के मधुनगर क्षेत्र का रहने वाला है। वह 2011 बैच का सिपाही है और प्रयागराज में एक न्यायिक अधिकारी के गनर के रूप में तैनात था। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, बिट्टू की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बिट्टू शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है। उसके पिता रामगोविंद सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है
