रिपोर्ट: ममता भारद्वाज | आगरा
आगरा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बसपा नेता राजू उपाध्याय पर काली थार में सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि राजू उपाध्याय अपने घर से गांव के बगीचे में टहलने के लिए निकले थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले उनका मोबाइल छीना और फिर हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना में बसपा नेता को अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। काली थार में सवार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह पूरी घटना आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के गांव जारुआ कटरा की बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
