रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में NH-19 पर भागूपुर पुल के पास एक तेज रफ्तार कार ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद कार में सवार तीन युवक अंदर फंस गए।

NH-19 पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जलती कार का शीशा तोड़कर SI अवनीश अग्निहोत्री और रिक्रूट आरक्षी सोनू सिंह ने अंदर फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आग की लपटों के बीच किया रेस्क्यू
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, ओवरटेक करते समय कार चालक ने नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। कार के अंदर तीन युवक फंसे होने की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया।
SI अवनीश अग्निहोत्री ने जलती कार का शीशा तोड़कर युवकों को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तीनों युवकों की जान बचाई।

पुलिस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आग की लपटों के बीच पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से तीनों युवकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। एत्मादपुर पुलिस की इस कार्रवाई की लोगों ने सराहना की।

