रिपोर्ट: अंकित पांडेय
हमीरपुर। जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के खड़ेहीजार गांव में सोमवार शाम बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार और दरवाजा अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव निवासी बरदानी कुशवाहा सोमवार शाम करीब छह बजे अपने बेटे पवन (10) के साथ घर के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक कच्ची दीवार ढह गई और पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए। बरदानी किसी तरह बच गए, लेकिन पवन दीवार और दरवाजे के मलबे में दब गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पवन को मलबे से बाहर निकाला गया।
परिजन उसे निजी वाहन से छानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर
पवन पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार के पास कृषि भूमि भी नहीं है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है।
जांच के बाद मिलेगी आर्थिक मदद
उपनिरीक्षक मोहम्मद सुल्तान ने बताया कि बारिश के दौरान कच्ची दीवार गिरने से हादसा हुआ है। पुलिस की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, सदर एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में मौत दैवीय आपदा के कारण होना पाया जाता है तो मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

