Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ: लाइब्रेरियन भर्ती को लेकर युवाओं ने डिप्टी सीएम आवास घेरा

लखनऊ: लाइब्रेरियन भर्ती को लेकर युवाओं ने डिप्टी सीएम आवास घेरा

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

उत्तर प्रदेश में लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास का घेराव किया। अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक खुद आवास से बाहर आए और अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने हाथ जोड़कर नौकरी की मांग की, जबकि कुछ युवाओं ने उनके पैर भी छुए। अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई और डिग्री पूरी कर ली है, लेकिन लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थी ब्रजेश पाठक के सामने हाथ जोड़ते हुए।

2016 के बाद नहीं हुई लाइब्रेरियन भर्ती

अभ्यर्थियों का दावा है कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से लाइब्रेरियन पदों पर कोई बड़ी भर्ती नहीं हुई है। उनका कहना है कि कई सरकारी संस्थानों में लाइब्रेरी का काम ऐसे लोगों से कराया जा रहा है, जिनके पास लाइब्रेरी साइंस की डिग्री नहीं है। वहीं संबंधित योग्यता रखने वाले युवा बेरोजगार बैठे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने PET-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की। उनका कहना है कि इससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 2016 के बाद से लाइब्रेरियन की भर्ती नहीं हुई है।

362 पदों की अधियाचना का दावा

प्रदर्शन में शामिल अमित ने बताया कि लाइब्रेरियन भर्ती की मांग को लेकर युवा पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। उनके मुताबिक, 14 मई, 2 जून और 19 जून 2026 को पिकप भवन का घेराव किया गया था।

अभ्यर्थियों का कहना है कि अधिकारियों की ओर से उन्हें बताया गया था कि करीब 362 पदों की अधियाचना प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद हर बार भर्ती अगले महीने जारी करने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है।

लाइब्रेरी एक्ट लागू करने की मांग

प्रदर्शनकारी मनीष ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 2006 में लाइब्रेरी एक्ट लागू हुआ था, लेकिन कई जगह इसका पालन नहीं हो रहा है। उनका दावा है कि बिना लाइब्रेरी साइंस की डिग्री वाले लोगों से लाइब्रेरी का काम कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवा लाइब्रेरी साइंस की डिग्री लेकर नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। सरकार को जल्द से जल्द नई भर्ती जारी करनी चाहिए। जब तक भर्ती नहीं निकलती, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई।

भर्ती का पोस्टर दिखाता बेरोजगार युवा।

डिप्टी सीएम ने UPSSSC अध्यक्ष से की बात

अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने उनकी मांग को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने तत्काल UPSSSC अध्यक्ष से फोन पर बात की और अभ्यर्थियों की मांग पर समाधान निकालने के लिए कहा।

बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शासन से लेकर आयोग तक हर स्तर पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular