रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा। साबरमती एक्सप्रेस में जहरखुरानी कर यात्री का सामान चोरी करने के मामले में आगरा जीआरपी ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, टैबलेट और उनके चार्जर के साथ नशीली गोलियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को जयपुर से आगरा कैंट के बीच साबरमती एक्सप्रेस के जनरल कोच में जहरखुरानी की वारदात हुई थी। आरोपी ने कथित तौर पर यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और इसके बाद उसका सामान लेकर फरार हो गया।
मामले की जांच में जुटी जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की पहचान के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सरफुद्दीन उर्फ सरफू उर्फ सरफराज के रूप में हुई है।
लैपटॉप, टैबलेट और नशीली गोलियां बरामद
जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से ASUS कंपनी का लैपटॉप और उसका चार्जर बरामद किया है। इसके अलावा XIOMI Tablet Pad 7 और उसका चार्जर भी बरामद हुआ है। पुलिस को आरोपी के पास से एल्प्राजोलाम की 48 गोलियां और पिसी हुई गोलियों की एक पुड़िया भी मिली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम
मामले का त्वरित खुलासा करने पर एसपी रेलवे, आगरा ने जीआरपी की टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
