रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा। आगरा की किरावली तहसील में एक लेखपाल की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। पैमाइश की शिकायत लेकर तहसील पहुंचे एक ग्रामीण के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है।
आरोप है कि पैमाइश की फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीण को लेखपाल वीरपाल ने पहले कुर्सी से गिरा दिया और फिर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित ने लेखपाल पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि संबंधित लेखपाल पहले भी विवादों में रह चुका है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसडीएम किरावली अभिनव पाठक ने मामले का संज्ञान लिया और जांच कराई।

प्राथमिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर एसडीएम ने लेखपाल वीरपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए हैं।एसडीएम अभिनव पाठक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद तहसील परिसर में चर्चा का माहौल है। वहीं पीड़ित ने प्रशासन से न्याय की मांग की है।
अभिनव पाठक एसडीएम ,किरावली आगरा
