Homeउत्तर प्रदेशआगरा में ट्रैक्टर आटा चक्की फटने से बड़ा हादसा, किसान की मौत;...

आगरा में ट्रैक्टर आटा चक्की फटने से बड़ा हादसा, किसान की मौत; कई लोग घायल

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। मलपुरा थाना क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में ट्रैक्टर से चल रही आटा चक्की अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। हादसे में दरवाजे पर बैठे किसान बेताल उर्फ सूखा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। धमाके के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजय पाल के दरवाजे के सामने रास्ते में ट्रैक्टर आटा चक्की खड़ी थी और उसी दौरान आटा पिसाई का काम चल रहा था। तभी अचानक मशीन जोरदार धमाके के साथ फट गई। धमाका इतना तेज था कि चक्की के पत्थर के टुकड़े दूर-दूर तक हवा में उड़कर जा गिरे।

हादसे की चपेट में आकर दरवाजे पर बैठे किसान बेताल उर्फ सूखा को पत्थर लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चक्की मालिक भूपेंद्र सिंह समेत प्रमोद, साध्वी, गोपाल, भूदेवी और पवन घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

धमाके की वजह से अजय पाल के घर का दरवाजा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक मवेशी की भी पत्थर लगने से मौत होने की सूचना है।घटना की जानकारी मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले पर एसीपी सैया Sukanya Sharma ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular