रिपोर्ट ममता भारद्वाज
आगरा। लगातार हो रही बारिश के बीच आगरा के सुभाष बाजार से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार को बाजार स्थित एक दुकान अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराते हुए राहत अभियान तेज कर दिया है।
फिलहाल किसी के हताहत होने या मलबे में दबे लोगों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बचाव अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
