लखनऊ: अलीगंज में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद सामाजिक संस्था सेवा संकल्प लखनऊ और एजुकेशन कॉसमॉस ने स्कूलों में अग्नि सुरक्षा को बढ़ावा देने की पहल की है। इसी क्रम में राजाजीपुरम स्थित रेड रोज स्कूल में एक दिवसीय अग्निशमन एवं नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम सिविल डिफेंस कोर, लखनऊ के स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन ऋतुराज रस्तोगी और वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक मनोज वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं और विद्यालय के स्टाफ को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बचाव, प्राथमिक अग्निशमन उपाय और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
सेवा संकल्प की वरिष्ठ सहयोगी सदस्य नंदिनी आनंद ने बताया कि अलीगंज की दुखद घटना से सीख लेते हुए संस्था ने इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब यह जागरूकता अभियान केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के अधिक से अधिक विद्यालयों में भी आयोजित किया जाएगा, ताकि बच्चों को आपदा से बचाव के प्रति प्रशिक्षित किया जा सके।

रेड रोज स्कूल की चेयरपर्सन स्मिता मिश्रा और प्रधानाचार्या आरती ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा का प्रशिक्षण देना बेहद आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सिविल डिफेंस के अधिकारियों और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अनीता सूद, रंजना तिवारी और सेवा संकल्प के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

