आगरा: आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय तिवाह में एक सहायक अध्यापक के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है।
आरोप है कि सहायक अध्यापक हरमेश कांत नशे की हालत में स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन (चरण सिंह) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्कूल परिसर में पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आया। प्रारंभिक जांच के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने सहायक अध्यापक हरमेश कांत को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
