Homeउत्तर प्रदेशआगरा: मलपुरा में गत्ते के गोदाम में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों...

आगरा: मलपुरा में गत्ते के गोदाम में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज

आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में गुरुवार को एक गत्ते के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 8 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया।

गत्ते का गोदाम होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने की वजह की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, लापरवाही या किसी अन्य कारण से लगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular