Homeउत्तर प्रदेशअजीतमल में पांच दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारंभ, एक ही छत...

अजीतमल में पांच दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारंभ, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

रिपोर्ट: दीपक अवस्थी

औरैया। शासन के निर्देश पर विकासखंड अजीतमल में पांच दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारंभ शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को किया गया। अभियान का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे ने फीता काटकर किया।

यह अभियान 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य मेले सहित विभिन्न विभागों के शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों के आवेदन तत्काल प्राप्त करने और उनका सत्यापन करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान का लक्ष्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

 एक ही स्थान पर मिलेंगी कई योजनाओं की जानकारी

‘सेवा सेतु अभियान’ के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। शिविरों में आवास, पेंशन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, खाद्य एवं रसद विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से संबंधित योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा बीबी जी राम जी, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों और अन्य सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ने की पहल की जाएगी।

मतदाता और दिव्यांग कल्याण शिविर भी होंगे आयोजित

अभियान के दौरान मतदाता शिविर और दिव्यांग कल्याण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित सेवाओं और योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र नारायण द्विवेदी ने शिविरों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के साथ नए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने की व्यवस्था की।

 अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे, खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोनू सेंगर, भाजपा नेता बंटू त्रिपाठी, एडीओ पंचायत सर्वेश कुमार और सीडीपीओ छाया देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया को सरल बनाकर पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना और ग्रामीण स्तर पर जनकल्याणकारी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular