लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर गुरुवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई की गई। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम दो बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ दोपहर करीब 3 बजे मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे तक चली कार्रवाई में आरोपी का एक पुराना मकान पूरी तरह ढहा दिया गया। अंधेरा होने के बाद फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई।
इससे पहले 28 अक्टूबर को भी एलडीए की टीम ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया था। उस दौरान मकान की सिर्फ बाउंड्रीवॉल गिराई गई थी। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। लोगों ने आरोपी के मकान को पूरी तरह ध्वस्त करने की मांग उठाई थी।
दो बुलडोजर लेकर पहुंची LDA की टीम
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे एलडीए की टीम पुलिस फोर्स के साथ ऋषभ शुक्ला के घर पहुंची। इसके बाद दो बुलडोजर की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। शुरुआत में मकान के टीनशेड वाले हिस्से को गिराया गया। धीरे-धीरे पूरे पुराने मकान को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोग अपने घरों की छतों पर जमा हो गए।
देर शाम अंधेरा होने के बाद भी लाइट की रोशनी में कार्रवाई जारी रही। हालांकि, करीब चार घंटे में एक मकान गिराने के बाद टीम ने काम रोक दिया। बताया गया कि आरोपी का दूसरा मकान भी इसी के बगल में है, जिस पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
चबूतरा और पार्किंग विवाद में हुई थी तीन हत्याएं
दरअसल, 26 अक्टूबर 2026 की सुबह सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला में चबूतरा बनवाने और कार पार्किंग को लेकर ऋषभ शुक्ला का शिवाजी तिवारी के परिवार से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि ऋषभ ने गोली मारकर तीन लोगों की हत्या कर दी।
मृतकों में 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु शामिल थे। शिवाजी तिवारी सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि उनके भाई लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। सुयश बिजली के सामान का कारोबार करते थे और उनकी शादी 5 दिसंबर को होनी थी। इस वारदात ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया था। पुलिस ने आरोपी ऋषभ को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया था।
पीड़ित परिवार ने की थी सख्त कार्रवाई की मांग
हत्याकांड के पांचवें दिन डीजीपी राजीव कृष्ण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया था। इस दौरान मृतक शिवाजी की पत्नी उषा तिवारी ने आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की थी। परिवार ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई थी।
वहीं, मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद बीना गुप्ता ने कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। जिस परिवार के तीन सदस्यों की हत्या हुई है, वह पुरुष विहीन हो गया है। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ सुरक्षा और दूसरी जिम्मेदारियां भी उठानी चाहिए। स्थानीय निवासियों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
