मेरठ। नवंबर के मध्य में आसमान में एक खास खगोलीय नजारा देखने को मिलेगा। सौरमंडल के दो प्रमुख ग्रह बृहस्पति और मंगल इन दिनों सुबह के आसमान में एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं। 15 और 16 नवंबर को दोनों ग्रहों की नजदीकी स्थिति को देखने का विशेष अवसर मिलेगा। इस खगोलीय घटना को आम लोग भी आसानी से देख सकेंगे। इसके लिए बिजली बंबा बाईपास स्थित फतेहुल्लापुर मोड़ के पास विज्ञान घर में विशेष व्यवस्था की गई है।
विज्ञान अध्यापक दीपक शर्मा ने बताया कि 15 और 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे से 6 बजे तक टेलीस्कोप के माध्यम से लोगों को दोनों ग्रहों का नजारा दिखाया जाएगा। इस दौरान विज्ञान घर पहुंचने वाले लोग दूरबीन से बृहस्पति और मंगल को करीब से देख सकेंगे। इसका उद्देश्य लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं में खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है।
क्या होती है ग्रहों की युति?
खगोलीय गणना के अनुसार 15 और 16 नवंबर को बृहस्पति और मंगल एक-दूसरे की सबसे नजदीकी आभासी स्थिति में दिखाई देंगे। इस दौरान दोनों ग्रहों के बीच आकाश में लगभग 1 डिग्री 11 मिनट का कोणीय अंतर रहेगा। खगोल विज्ञान में इस स्थिति को ‘युति’ या ‘कंजंक्शन’ कहा जाता है।
इस घटना की खास बात यह है कि पृथ्वी से देखने पर दोनों ग्रह एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आते हैं, जबकि वास्तव में उनके बीच करोड़ों किलोमीटर की दूरी होती है। यह नजारा ग्रहों की वास्तविक दूरी कम होने की वजह से नहीं, बल्कि पृथ्वी से देखने की दिशा के कारण बनता है।
रंग और चमक से पहचान सकेंगे दोनों ग्रह
इस खगोलीय घटना में बृहस्पति अपनी तेज चमक के कारण आसानी से पहचाना जा सकेगा, जबकि मंगल ग्रह अपने हल्के लाल रंग की वजह से अलग नजर आएगा। मौसम साफ रहने पर दोनों ग्रहों को बिना किसी टेलीस्कोप या दूरबीन के नंगी आंखों से भी देखा जा सकेगा।
विज्ञान अध्यापक दीपक शर्मा के मुताबिक, जो लोग विज्ञान घर नहीं पहुंच पाएंगे, वे अपने घर की छत या किसी खुले स्थान से भी इस नजारे का आनंद ले सकते हैं। इसके लिए जरूरी है कि आसमान साफ हो और देखने की जगह पर आसपास की तेज रोशनी कम हो।
बच्चों और विज्ञान प्रेमियों के लिए खास मौका
बृहस्पति और मंगल की यह खगोलीय युति विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए खास अवसर होगी। टेलीस्कोप के जरिए ग्रहों को देखने से बच्चों और युवाओं को सौरमंडल और ग्रहों की गतिविधियों को समझने का मौका मिलेगा। विज्ञान घर में होने वाला यह आयोजन लोगों को खगोलीय घटनाओं से जोड़ने और वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाने की दिशा में एक प्रयास है।
