Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- शिक्षा और रोजगार पर...

अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- शिक्षा और रोजगार पर निवेश होता तो बदल जाती यूपी की तस्वीर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर अधिक निवेश की जरूरत है। उनका कहना है कि आज भी उत्तर प्रदेश गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि यदि शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दी जाती तो प्रदेश में केजी से पीजी और रिसर्च तक की दो-तीन विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित की जा सकती थीं। इससे प्रदेश के लाखों बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिलता।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही “नियो इंडिया” की अवधारणा का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश को विकास, रोजगार और खुशहाली की नई दिशा देगी।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर भी योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “भाजपाई तरक्की की नई हवा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद एक्सप्रेसवे पर बार-बार मरम्मत की जरूरत पड़ना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मरम्मत के दौरान सड़क को जल्दी सुखाने के लिए पंखों के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे सरकार की कार्यशैली पर सवाल बताया।

सपा प्रमुख ने कहा कि जब नया एक्सप्रेसवे कुछ ही सप्ताह में कई बार मरम्मत मांग रहा है, तो उस पर तेज रफ्तार से सफर करने का जोखिम कौन उठाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular