रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी एजेंडा सामने रख दिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का घोषणापत्र ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ जारी किया। इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। घोषणापत्र में रोजगार, सामाजिक न्याय, किसानों की आर्थिक सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण को प्रमुखता दी गई है।
पार्टी ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय का भरोसा देने के साथ युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और छोटे कारोबारियों के लिए भी कई वादे किए हैं। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का भी संकल्प लिया गया है।
पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियों का वादा
सपा ने पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इसके साथ ही पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लेने की बात कही गई है। पार्टी ने दो से तीन करोड़ युवाओं के लिए अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य भी रखा है।
घोषणापत्र में भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी करने और एक चरण वाली भर्ती तीन महीने में पूरी करने का वादा है। दो से तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने तथा पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारी और मंत्री की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।
नौकरी मिलने तक बेरोजगार स्नातकों को 5,000 रुपये मासिक पोषण भत्ता, ग्रामीण क्षेत्रों में 150 दिन रोजगार की कानूनी गारंटी और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा हर साल 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और अग्निवीरों को पुलिस व अन्य विभागों में रोजगार देने की बात कही गई है।
किसानों की कर्जमाफी और 23 फसलों पर MSP की गारंटी
किसानों के लिए सपा ने तत्काल कर्जमाफी लागू करने का वादा किया है। घोषणापत्र में 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है। आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति योजना लागू करने का प्रस्ताव है।
गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। इसके अलावा सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी शामिल है।
महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन
महिला सशक्तीकरण के तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, कल्याण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए अलग से विस्तृत घोषणापत्र जारी करने की बात कही गई है। पुलिस व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व का प्रस्ताव भी रखा गया है।
अपराधी किसी भी जाति या पार्टी का हो, जेल भेजेंगे
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधी किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल का हो, उसे जेल भेजा जाएगा।
घोषणापत्र में जमीन पर अवैध कब्जों को रोकने के लिए विशेष एसटीएफ बनाने का प्रस्ताव है। यह टीम जमीन विवादों से जुड़े मामलों पर काम करेगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने, गांवों और कस्बों में सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी बढ़ाने तथा प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का वादा किया गया है।
खाली पुलिस पदों को तत्काल भरने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस ढांचा तैयार करने की बात भी कही गई है।
जातिगत जनगणना और सरकारी ठेकों में आरक्षण
सामाजिक न्याय के एजेंडे के तहत सपा ने जातिगत जनगणना कराने, आरक्षण और संविधान की रक्षा करने का वादा किया है। घोषणापत्र में 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव भी शामिल है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने और गरीबों व PDA वर्ग के लोगों के लिए प्रत्येक जिले में समाजवादी कैंटीन खोलने की बात कही गई है। इन कैंटीनों में पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने का वादा किया गया है।
महिलाओं और जिलों के लिए अलग घोषणापत्र
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल घोषणापत्र बनाती नहीं, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को PDA की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि PDA के लोग अपनी सरकार बनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं।
पार्टी की ओर से महिलाओं और बेटियों के लिए अलग विस्तृत घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों की जरूरतों और स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिला घोषणापत्र भी तैयार किए जा रहे हैं।
