लखनऊ। राजधानी लखनऊ में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर पहले महिला से दोस्ती की और फिर ब्यूटी पार्लर खुलवाने में मदद का भरोसा देकर 8 लाख 5 हजार 200 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने विदेश से महंगे गिफ्ट और नकदी भेजने का झांसा दिया।
इसके बाद कस्टम विभाग के नाम पर महिला से अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई। पैसे देने से इनकार करने पर उसे डिजिटल अरेस्ट और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। मामले में ठाकुरगंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर शुरू की बातचीत
ठाकुरगंज क्षेत्र निवासी रेखा मिश्रा के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर उन्हें अमन नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। बातचीत के दौरान अमन ने उनके काम और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। महिला ने अपनी स्थिति बताई तो आरोपी ने उन्हें ब्यूटी पार्लर खोलने का सुझाव दिया और कारोबार शुरू करने में मदद का भरोसा दिया।
आरोपी ने ब्यूटी पार्लर से जुड़ा जरूरी सामान भेजने की बात कही। महिला ने शुरुआत में इससे इनकार किया, लेकिन आरोपी लगातार उन्हें इसके लिए मनाता रहा।
आईफोन, हीरे की अंगूठी और 10 हजार पाउंड का दिया लालच
कुछ समय बाद महिला के पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके नाम से विदेश से एक पार्सल भेजा गया है। इसमें आईफोन 15 प्रो मैक्स, कपड़े, सोने के गहने, घड़ी, हीरे की अंगूठी और 10 हजार ब्रिटिश पाउंड रखे हैं।
कॉलर ने दावा किया कि पार्सल को कस्टम विभाग ने रोक लिया है, क्योंकि उसमें मौजूद सामान का वजन और घोषित कीमत निर्धारित सीमा से अधिक है। पार्सल छुड़ाने के लिए महिला से अतिरिक्त कस्टम शुल्क जमा करने को कहा गया।
डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर 12 दिन में वसूले 8 लाख रुपये
रेखा मिश्रा ने जब भुगतान करने से इनकार किया तो ठगों ने खुद को अधिकारी बताकर उन्हें डराना शुरू कर दिया। आरोपियों ने महिला को अपराधी बताते हुए डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी। उन्हें कहा गया कि वह कहीं बाहर नहीं जा सकतीं और बाहर निकलने पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।
इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने और बदनाम करने की धमकी भी दी गई। डर और दबाव में महिला से 12 दिनों के भीतर कुल 8,05,200 रुपये अलग-अलग किस्तों में जमा करा लिए गए।
ठाकुरगंज थाने में एफआईआर, डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू
ठगी का अहसास होने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। इसके आधार पर ठाकुरगंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
