Homeउत्तर प्रदेशट्रक की टक्कर से जीजा-साला गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

ट्रक की टक्कर से जीजा-साला गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

रिपोर्टर – अमित शुक्ला 

औरैया में ऐरवाकटरा-बिधूना मार्ग पर कुदरकोट मोड़ के पास ब्रेकर पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों परिवार के साथ बच्चे का मुंडन संस्कार कराने मंदिर जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि बाइक सवार दोनों लोगों ने हेलमेट पहन रखा था।

जानकारी के मुताबिक, सहार थाना क्षेत्र के सौथरा अड्डा निवासी 39 वर्षीय आलोक प्रजापति एडवोकेट पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति अपने भाई अभिषेक प्रजापति के बेटे का मुंडन संस्कार कराने जा रहे थे।

उनके साथ कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र के खाड़ामऊ निवासी 44 वर्षीय जगदीश प्रजापति उर्फ बब्लू पुत्र चिरौजीलाल प्रजापति भी बाइक पर सवार थे। परिवार के अन्य सदस्य ऑटो से उनके साथ जा रहे थे। सभी रघुनाथपुर गांव स्थित श्री जाहरवीर ठाकुर जी मंदिर पहुंचने वाले थे।

बताया जा रहा है कि कुदरकोट मोड़ के पास आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रहे सीमेंट लदे दूसरे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐरवाकटरा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल औरैया रेफर कर दिया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित कुमार के मुताबिक, दोनों के पैरों में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि हादसे में शामिल सीमेंट लदे ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घायलों की हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular