रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
अजीतमल (औरैया)। औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र में ताऊ के घर से करीब 17 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
चोरी की इस घटना को किसी बाहरी चोर ने नहीं, बल्कि पीड़ित के सगे भतीजे ने ही अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 107.299 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल किया गया बेलचा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को अजीतमल के शास्त्रीनगर निवासी उमेश कुमार दोहरे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अछल्दा में आयोजित रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
इसी दौरान उनके घर में चोरी हो गई। वापस लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अलमारी में रखे सोने के आभूषण गायब थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ताऊ के घर आता-जाता था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पीड़ित के रिश्तेदारों पर भी शक हुआ। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अंशुल उर्फ यश, उम्र करीब 21 वर्ष ने चोरी की बात कबूल कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उमेश कुमार दोहरे उसके ताऊ हैं और उसका उनके घर अक्सर आना-जाना था। इसी वजह से उसे घर में रखे जेवरों के बारे में जानकारी थी। 21 अक्टूबर को जब उसे पता चला कि ताऊ का पूरा परिवार रिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया है, तो उसने चोरी की योजना बनाई।
आरोपी अपने घर से बेलचा लेकर ताऊ के मकान पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, उसने घर का अंदर से बंद दरवाजा धक्का देकर खोला और फिर बेलचे की मदद से अलमारी का लॉक तोड़ दिया।
अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी करने के बाद आरोपी उन्हें अपने घर के पीछे बने एक टूटे कमरे के मलबे में ईंटों के नीचे छिपाकर रख दिया था।
107.299 ग्राम सोना बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए कई सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें 10.947 ग्राम की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी, 8.097 ग्राम के सोने के झाले, 35.109 ग्राम की सोने की माला, 18.292 ग्राम के माला के तीन टुकड़े, 28.706 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट और 6.148 ग्राम की एक अन्य सोने की अंगूठी शामिल है।
बरामद आभूषणों का कुल वजन 107.299 ग्राम है। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किया गया बेलचा भी बरामद किया गया है।
एनएच-19 के पास पुलिस ने दबोचा
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर अजीतमल पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने आरोपी को गांधी नगर मोहल्ले में पावर हाउस के पास एनएच-19 हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी शाम करीब 7:47 बजे की गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हुई बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक समीर चौधरी और अजीतमल थाने के उपनिरीक्षक इकबाल हुसैन समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में पूरी कार्रवाई की गई।
