Homeउत्तर प्रदेशदिव्यांगजनों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल, जयति भारतम और...

दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल, जयति भारतम और इनेबल इंडिया ने आयोजित की तीन दिवसीय वर्कशॉप

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जयति भारतम ने इनेबल इंडिया के सहयोग से तीन दिवसीय करियर अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन किया। जानकीपुरम स्थित आवासीय परिसर में आयोजित इस कार्यशाला में 40 दिव्यांगजनों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को करियर निर्माण, रोजगार के अवसरों और निजी क्षेत्र में काम करने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

जयति भारतम की चीफ फंक्शनरी डॉ. रेनू अग्निहोत्री ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इनेबल इंडिया के साथ यह साझेदारी दिव्यांग युवाओं को निजी क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार हासिल करने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में मददगार साबित होगी।

कार्यशाला में इनेबल इंडिया की ओर से आए प्रशिक्षकों दिनेश कुमार, आशीष कुमार, दक्षायिनी और नरेंद्र ने प्रतिभागियों को करियर परामर्श दिया। साथ ही कॉर्पोरेट सेक्टर में रोजगार की संभावनाओं, कार्यप्रणाली और नौकरी से जुड़ी जरूरी जानकारियों से अवगत कराया।

वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव देने के लिए लुलु मॉल का भ्रमण भी कराया गया। यहां दिव्यांगजनों ने निजी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न जॉब रोल और कार्यस्थल की जरूरतों को समझा। उन्हें बताया गया कि कार्यस्थल पर बेहतर तरीके से काम करने के लिए किस तरह की सुविधाओं और वर्कप्लेस सॉल्यूशंस की आवश्यकता होती है।

कार्यक्रम के समापन पर संस्था की सचिव रंजना अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular