रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया के रुरुगंज में चलती बाइक पर महिला से पर्स छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बिधूना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से छीना गया पर्स, मोबाइल फोन, एक जोड़ी तोड़ियां, 4200 रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बिधूना थाना क्षेत्र के उडेलापुर निवासी सुरेश कुमार ने 13 नवंबर को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2:40 बजे वह पत्नी के साथ बाइक से अछल्दा जा रहे थे।
रुरुगंज स्थित सिद्ध विनायक गेस्ट हाउस के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स झपट लिया और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
14 नवंबर को पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम चिरकुआ पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से तमंचा, दो कारतूस, 4200 रुपये, मोबाइल, तोड़ियां और महिला का पर्स बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने 13 नवंबर को रुरुगंज के पास महिला से पर्स छीनने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि पर्स में करीब 8 हजार रुपये थे। इसमें से कुछ रकम खर्च हो गई, जबकि 4200 रुपये बरामद कर लिए गए। आरोपी छीने गए सामान को बेचने के लिए बेला की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान संजीव उर्फ संजू यादव निवासी सुल्तानपुर, थाना ऐरवाकटरा, अंकित कुमार निवासी गुजरीपुर, थाना कुदरकोट और अजय कुमार उर्फ भोलू राठौर निवासी दोबा, थाना ऐरवाकटरा के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, संजीव उर्फ संजू यादव के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ एक अन्य आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में बिधूना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
