रिपोर्ट: अमित शुक्ला
औरैया। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के राजाराम नगरिया गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने डंडे से सिर पर वार कर अपने 75 वर्षीय बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी कंचन नायक सोमवार को अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके छोटे बेटे आजाद से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आजाद ने डंडे से पिता के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
मृतक के बड़े बेटे रवि की आठ वर्षीय बेटी गुंजन ने घटना की जानकारी खेत में बकरी चरा रही अपनी मां कौशल्या देवी को दी। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि मृतक का बड़ा बेटा रवि बिलासपुर में फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। गांव में वह अपने परिवार के साथ पिता के यहां रहता था। वहीं, छोटे बेटे आजाद की पत्नी करीब एक साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी और उसने दूसरी शादी कर ली थी।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
