रिपोर्ट : दीपक अवस्थी
औरैया पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए दो पुलिसकर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक औरैया की मौजूदगी में दोनों सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में उप निरीक्षक ना.पु. सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे, जिन्होंने पुलिस विभाग में 40 वर्ष 10 माह 29 दिन की सेवा पूरी की। वहीं आरक्षी चालक शिवपाल सिंह ने पुलिस विभाग में 39 वर्ष 10 माह 29 दिन तक अपनी सेवाएं दीं।

समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों की लंबे समय तक दी गई सेवाओं और समर्पण की सराहना की। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिजन, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सेवाकाल की सराहना की।
