आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय श्यामलाल और उनकी 70 वर्षीय पत्नी बसंता देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में परिजनों ने जहर खाने से मौत की आशंका जताई है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
परिवार के अनुसार, श्यामलाल के चार बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही बुजुर्ग दंपत्ति ने परिवार के सभी सदस्यों को बुलाकर अपनी जमीन का बंटवारा किया था। इसके बाद से ही परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि जमीन बंटवारे के अगले दिन बड़े बेटे और उसकी पत्नी के बीच बुजुर्ग दंपत्ति से विवाद हुआ था। शुक्रवार रात दोनों ने खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों की मौत हो चुकी थी।
इस बीच मृतक दंपत्ति की बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का दावा किया है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
