Homeउत्तर प्रदेशआजमगढ़ की बदली तस्वीर, विकास परियोजनाओं को मिली नई रफ्तार

आजमगढ़ की बदली तस्वीर, विकास परियोजनाओं को मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में करीब एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में हुए बदलावों को रेखांकित किया गया।

कभी अपराध और माफिया गतिविधियों के लिए चर्चा में रहने वाला आजमगढ़ अब विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के कारण नई पहचान बना रहा है। पिछले कुछ वर्षों में जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और निवेश के अवसरों में भी वृद्धि हुई है।

सरकार की ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) योजना के तहत निजामाबाद की प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी को नई पहचान मिली है।

इससे जुड़े कारीगरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिली है, जिससे उनके कारोबार और आय में बढ़ोतरी हुई है। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत हजारों कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं

शिक्षा के क्षेत्र में जिले को महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल और हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय जैसी महत्वपूर्ण संस्थाएं मिली हैं। इसके अलावा आजमगढ़ एयरपोर्ट और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ने जिले की कनेक्टिविटी को मजबूत किया है, जिससे निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में औद्योगिक निवेश से जुड़े 250 से अधिक एमओयू हुए हैं, जिनसे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं का प्रभाव दिखाई दे रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और कई महिलाएं ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

सरकार का दावा है कि आजमगढ़ में विकास परियोजनाओं, बेहतर कानून व्यवस्था और रोजगार सृजन के प्रयासों ने जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्णभूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular