रिपोर्ट : अजय पाल यादव
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में ककराला-उसहैत रोड पर पुलिस और गौकशी के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी की फायरिंग के जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं, मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल शिववीर भी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान तनहीर के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने के बाद आरोपी और घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। आरोपी थाना अलापुर में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था।
पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेष नाथ सिंह ने जानकारी दी है।
