Homeउत्तर प्रदेशदिल्ली से बदायूं तक सियासी घमासान, पुलिस ने सपा नेताओं को घरों...

दिल्ली से बदायूं तक सियासी घमासान, पुलिस ने सपा नेताओं को घरों में रोका

रिपोर्ट: अजयपाल यादव

दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। सपा की ओर से प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बीच बदायूं में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। जिले में कई समाजवादी पार्टी नेताओं को उनके घरों से बाहर निकलने से रोक दिया गया और उनके आवासों पर पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने नाराजगी जताई है। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार को दबाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

रात से आवास पर पुलिस तैनात होने का दावा

सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने दावा किया कि उनके आवास पर रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

आशीष यादव ने कहा कि अखिलेश यादव को हिरासत में लिया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सपा नेता जल्द दिल्ली पहुंचकर छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करेंगे और पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

BYTE: आशीष यादव, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी, बदायूं

फिलहाल बदायूं में पुलिस प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं, सपा नेताओं ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखने की बात कही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular