Homeउत्तर प्रदेशबदायूं में नकली नोटों के गिरोह का भंडाफोड़, 1.57 लाख रुपये के...

बदायूं में नकली नोटों के गिरोह का भंडाफोड़, 1.57 लाख रुपये के जाली नोट बरामद, दो गिरफ्तार

रिपोर्ट- अजयपाल यादव

उत्तर प्रदेश के बदायूं में अलापुर थाना पुलिस ने नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उनके कब्जे से 500 रुपये के 315 जाली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 57 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अर्धनिर्मित नोट भी बरामद हुए हैं।पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेष नाथ के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलापुर थाना पुलिस ने छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यावर अली पुत्र मकसूद अली और नूरुल हसन पुत्र रहीसुल हसन, निवासी ग्राम भसराला, थाना अलापुर, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।

 नकली नोट बनाने का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 315 जाली नोटों के अलावा 500 रुपये के छह अर्धनिर्मित जाली नोट, सफेद कागज का एक खुला बंडल, टेप का एक बंडल, एक ग्लू स्टिक, एक मोबाइल फोन और दो कटर ब्लेड बरामद किए हैं। पुलिस बरामद सामग्री के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

असली नोटों के बीच मिलाकर चलाते थे जाली करेंसी

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी काफी समय से नकली नोट तैयार कर उन्हें धीरे-धीरे बाजार में चलाते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर नकली नोटों को असली नोटों के आगे-पीछे लगाकर बाजार में चलाने का तरीका अपनाया था, ताकि लोगों को शक न हो सके।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी यावर अली के खिलाफ जनपद और गैर-जनपद में करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, इन मामलों की प्रकृति और वर्तमान स्थिति की पुष्टि जांच के दौरान की जानी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सनी चौधरी, चौकी इंचार्ज राजू राणा, म्याऊं चौकी इंचार्ज अंकुश कुमार और छह अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने भी जानकारी दी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नकली नोटों के नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular