रिपोर्ट -अजयपाल यादव
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उसावा थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के पास दो गुटों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कस्बे के वार्ड नंबर-7 की बताई जा रही है। विवाद के बाद सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष नशे की हालत में थे और किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वहीं, आसपास मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
