Homeउत्तर प्रदेशबहराइच में बड़ी कार्रवाई: अवैध गोदाम से 8,140 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ...

बहराइच में बड़ी कार्रवाई: अवैध गोदाम से 8,140 बोतल प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद, एक गिरफ्तार

बहराइच। इंडो-नेपाल सीमा पर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की बरामदगी के बाद बहराइच पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को रूपईडीहा पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने दरगाह थाना क्षेत्र के अशरफा गांव में छापेमारी कर एक अवैध गोदाम से 8,140 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की।

पुलिस के अनुसार, यह गोदाम शिवांश मेडिकल एजेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान करीब 67 पेटियों में रखी गई नशीली कफ सिरप जब्त की गई। मामले में अजय उर्फ पवन यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

ड्रग इंस्पेक्टर विनय कृष्ण ने बताया कि अशरफा गांव में स्थित अवैध गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई है। जब्त दवाओं को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले रूपईडीहा क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान मिले सुरागों के आधार पर यह छापेमारी की गई। जांच में सामने आने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रही छापेमारी से जिले के मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अवैध दवा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular