बलिया। बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग बेटी रागिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान रागिनी के माता-पिता और बलिया की भाजपा विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने रागिनी से आत्मीयता से बातचीत कर उसके स्वास्थ्य, पढ़ाई और परिवार की जरूरतों की जानकारी ली।
रागिनी मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की रहने वाली है। वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। रागिनी ने स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए ट्राइसिकल की मांग की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बलिया के जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रागिनी को दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराईं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रागिनी के इलाज और शिक्षा को लेकर भी मदद का भरोसा दिया गया। इसके साथ ही परिवार के लिए आवास की व्यवस्था कराने को लेकर भी आश्वासन दिया गया। गांव की खराब सड़क को दुरुस्त कराने की बात भी सामने आई है।
रागिनी के परिवार ने सीएम योगी का जताया आभार
रागिनी की मां बबिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के पैरों में दिक्कत है और इसी समस्या को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे।
बबिता के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च उठाने और उसके ऑपरेशन की व्यवस्था कराने की बात कही है। उन्होंने रागिनी को ट्राइसिकल उपलब्ध कराने और गांव की खराब सड़क बनवाने के लिए भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
रागिनी के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और तत्काल मदद के प्रयास को सरकार के मानवीय सरोकारों से जोड़कर देखा जा रहा है।
