लखनऊ। बंधन बैंक ने सेंट्रम ग्रुप की ब्रोकरेज कंपनी सेंट्रम फिनवर्स लिमिटेड के साथ रणनीतिक साझेदारी करते हुए एक नया 3-इन-1 इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को बैंकिंग, डीमैट और ट्रेडिंग सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी, जिससे निवेश प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
इस नई सुविधा के तहत ग्राहक अब बंधन बैंक के नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से बिना किसी पेपरवर्क के आसानी से बैंकिंग, डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट खोल और संचालित कर सकेंगे। इसमें इक्विटी, आईपीओ, डेरिवेटिव्स, ईटीएफ और इंडेक्स जैसे कई निवेश विकल्प उपलब्ध होंगे।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों को चार्ट-बेस्ड ट्रेडिंग, एल्गोरिदमिक स्ट्रैटेजी और मार्जिन लेवरेज जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। यह पूरी व्यवस्था निवेशकों को एक सुरक्षित, तेज और आसान डिजिटल अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
बंधन बैंक के एमडी और सीईओ पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा कि यह साझेदारी ग्राहकों के लिए वित्तीय सेवाओं को और अधिक सुलभ और एकीकृत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनका कहना है कि यह प्लेटफॉर्म बचत और निवेश दोनों को सरल बनाकर ग्राहकों को बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में मदद करेगा।
