रिपोर्ट: अचल प्रताप सिंह
बरेली। जिला अस्पताल में सोमवार को उस समय हलचल मच गई, जब एंबुलेंस के चिकित्सा उपकरणों का निरीक्षण कर रहे मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने अचानक अपना ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल भी चेक कराया। पहली जांच में शुगर की रीडिंग 48 आने से मौके पर मौजूद डॉक्टर और कर्मचारी चिंतित हो गए।
CMO एंबुलेंस में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का जायजा ले रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपना बीपी और ब्लड शुगर जांच कराने को कहा। मशीन में शुगर 48 दिखने पर तत्काल दोबारा जांच कराने का फैसला किया गया।
दूसरी जांच में भी शुगर की रीडिंग 57 आई। लगातार कम रीडिंग आने के बाद डॉक्टर और कर्मचारी सतर्क हो गए। एहतियात के तौर पर CMO को जिला अस्पताल के प्राइवेट रूम में बैठाकर आराम कराया गया और उनकी स्थिति पर नजर रखी गई।
CMO को कर्मचारियों और डॉक्टरों के साथ प्राइवेट रूम की ओर जाते देखकर अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, कुछ समय बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
घटनाक्रम के बाद CMO ने अपनी तबीयत को लेकर कहा कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और फिलहाल किसी गंभीर परेशानी का सामना नहीं कर रहे हैं।
इस तरह एंबुलेंस के उपकरणों का निरीक्षण करने पहुंचे CMO की खुद की शुगर जांच ने कुछ देर के लिए जिला अस्पताल में हलचल जरूर बढ़ा दी।
