Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर को 70 करोड़ की सौगात, CM योगी ने नई सड़क का...

गोरखपुर को 70 करोड़ की सौगात, CM योगी ने नई सड़क का किया लोकार्पण

रिपोर्ट: गोविंद कश्यप 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई सड़क की सौगात दी। उन्होंने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की श्रृंखला से अब गोरखपुर की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग के ग्रीन सिटी मोड़ स्थित नवनिर्मित सड़क के प्रारंभिक स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर सड़क का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण किया और सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे।

 

70 करोड़ की लागत से बनी सड़क

करीब 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर) से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से लोग रह रहे हैं और यहां कई स्कूल भी हैं, लेकिन सड़क चौड़ी न होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। भारी वाहनों की आवाजाही भी आसान नहीं थी। नई सड़क बनने से इन समस्याओं का समाधान होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास ही सरकार का संकल्प है और गोरखपुर के लोगों को सरकार की ओर से लगातार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक बनी इस सड़क से कई प्रमुख स्थानों की कनेक्टिविटी आसान होगी। अब वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने बताया कि राजघाट से हाबर्ट बंधा होते हुए माधोपुर तटबंध तक फोरलेन का काम भी हो रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर बनने के बाद डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास के जरिए कालेसर और आगे लखनऊ मार्ग से जुड़ना आसान होगा। वहीं नेपाल और सोनौली की तरफ जाने के लिए महेसरा होकर जाने की सुविधा भी बेहतर होगी।

फोरलेन और फ्लाईओवर से बदल रही तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के हर हिस्से को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। शहर में बड़े पैमाने पर फ्लाईओवर और ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। विकास कार्यों से लोगों की आवाजाही आसान हुई है और गोरखपुर की नई पहचान बन रही है।

सड़क लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular