Homeउत्तर प्रदेशधर्मेंद्र कश्यप ने छोड़ी भाजपा, बोले- विरोधियों को बड़े पद मिले तो...

धर्मेंद्र कश्यप ने छोड़ी भाजपा, बोले- विरोधियों को बड़े पद मिले तो कष्ट होगा

रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह

बरेली। आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। फेसबुक पर ‘टाटा बाय-बाय’ लिखकर सियासी हलचल बढ़ाने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने पार्टी छोड़ने की बात कही। कश्यप ने बताया कि अब वह समर्थकों के साथ बड़ी बैठक करेंगे और उनकी राय के आधार पर आगे का राजनीतिक फैसला लेंगे।

भाजपा छोड़ने की वजह बताते हुए धर्मेंद्र कश्यप ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने चुनाव के दौरान उनकी खुलकर खिलाफत की, अगर उन्हें पार्टी में बड़े पद मिलेंगे तो इससे उन्हें कष्ट होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी तो उनके जैसे लोगों का ‘टाटा बाय-बाय’ कहना स्वाभाविक है।

समर्थकों की बैठक के बाद तय होगा अगला कदम

धर्मेंद्र कश्यप ने फिलहाल किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने का ऐलान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि समर्थकों के साथ बड़ी बैठक की जाएगी और सभी की राय सुनने के बाद आगे की राह तय होगी। उन्होंने साफ किया कि समर्थक जैसा कहेंगे, वह उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।

‘टाटा बाय-बाय’ पोस्ट के बाद बढ़ी थीं अटकलें

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने फेसबुक पर ‘टाटा बाय-बाय’ लिखा था। पोस्ट में किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं होने के कारण उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। अब पार्टी छोड़ने के ऐलान के बाद उन्होंने अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट कर दिया है। हालांकि, उन्होंने राज्यसभा का टिकट नहीं मिलने को पार्टी छोड़ने की वजह नहीं बताया।

भाजपा के टिकट पर दो बार जीते थे लोकसभा चुनाव

धर्मेंद्र कश्यप वर्ष 2014 में सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने भाजपा के टिकट पर आंवला लोकसभा सीट से 2014 और 2019 में जीत दर्ज की। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब भाजपा छोड़ने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular