लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के बयान का उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में पहले ही समान नागरिक संहिता को प्रमुखता से शामिल कर चुकी है और इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भाजपा ने 14 अप्रैल को जारी अपने संकल्प पत्र में समान नागरिक संहिता को शामिल किया था। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 44 के तहत समान नागरिक संहिता लागू करना राज्य के नीति निर्देशक तत्वों का हिस्सा है।
महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करेगा UCC
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने और समाज में समानता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनके मुताबिक, UCC लागू होने से महिलाओं को अधिकारों की बेहतर सुरक्षा और समान न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसा आधुनिक और प्रभावी कानून लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो सभी नागरिकों को समान सुरक्षा और अधिकार प्रदान करे। अमित शाह का हालिया बयान इसी दिशा में सरकार की मंशा और प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है।
‘मोदी की गारंटी पर देश को विश्वास’
भूपेंद्र चौधरी ने अमित शाह के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर देश को भरोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से जो संकल्प किए हैं, उन्हें पूरा करने का काम लगातार किया जा रहा है और समान नागरिक संहिता भी इन्हीं संकल्पों का हिस्सा है।
गौरतलब है कि अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी। उनके बयान के बाद यूसीसी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
