Homeउत्तर प्रदेशभाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ में भव्य स्वागत, मिशन-2027...

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ में भव्य स्वागत, मिशन-2027 पर करेंगे मंथन

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन शनिवार को पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, नारों और भगवा गुब्बारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

स्वागत समारोह को भव्य बनाने के लिए एयरपोर्ट परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जबकि सड़क मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार, होर्डिंग और बैनर लगाए गए। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नितिन नवीन का आगमन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया।

दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन मिशन-2027 को लेकर पार्टी के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और नए पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वे आगामी चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक और रात्रिभोज तथा वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात का भी कार्यक्रम निर्धारित है।

RELATED ARTICLES

Most Popular