बलरामपुर के समाजसेवी और ‘ब्लडमैन’ के नाम से प्रसिद्ध आलोक अग्रवाल को रक्तदान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए एक ही दिन में पांच प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें वर्षों से चलाए जा रहे रक्तदान जागरूकता अभियान, विशाल रक्तदान शिविरों के आयोजन और जरूरतमंदों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदान किए गए।
लखनऊ स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित ‘संवेदना-2 नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड’ समारोह में आलोक अग्रवाल को नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (NIFAA) की ओर से चार सम्मान प्रदान किए गए। इनमें वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) के दो सम्मान, एक रक्तदान शिविर आयोजन के लिए तथा दूसरा ‘संवेदना-2’ अभियान के उत्तर प्रदेश समन्वयक के रूप में, जबकि दो सोशल इम्पैक्ट अवार्ड शामिल रहे।

इसी दिन लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321B1 ने भी अपने जिला सम्मान समारोह ‘कमलात्मिका’ में उन्हें वर्षभर रक्तदान सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस तरह एक ही दिन में उन्हें कुल पांच प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए।
आलोक अग्रवाल अब तक स्वयं 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में 50 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से हजारों यूनिट रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने रक्तदान को जनआंदोलन बनाने के लिए गांव से शहर तक लगातार जागरूकता अभियान चलाए हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आलोक अग्रवाल ने यह उपलब्धि सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, ब्लड बैंक कर्मियों, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन हजारों अनाम रक्तवीरों का है, जो निस्वार्थ भाव से किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान देने के लिए आगे आते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्हें यह भी सूचना मिली कि 30 जून को बलरामपुर आदर्श नगर पालिका परिषद के 155वें स्थापना दिवस समारोह में भी उन्हें विशेष सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
