Homeउत्तर प्रदेशगोमती नदी के उद्गम स्थल का होगा विश्वस्तरीय विकास, योगी सरकार ने...

गोमती नदी के उद्गम स्थल का होगा विश्वस्तरीय विकास, योगी सरकार ने मंजूर किए 1.04 करोड़ रुपये

उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब पीलीभीत जिले में स्थित गोमती नदी के उद्गम स्थल को विश्वस्तरीय पर्यटन एवं आस्था केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने 1.04 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है, जिसमें पहले चरण के लिए 78 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गोमती नदी का उद्गम पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र स्थित गोमत ताल (पूर्व नाम फुलहर झील) से होता है। यह नदी प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरती है और करोड़ों लोगों के जीवन, कृषि और आजीविका का आधार है। इसे सनातन परंपरा में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व प्राप्त है।

परियोजना के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए बहुउद्देशीय हॉल, आधुनिक शौचालय, शेड, इंटरलॉकिंग मार्ग, उद्यान, सौंदर्यीकरण, सोलर आधारित सुविधाएं और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) द्वारा कराया जाएगा।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम ने लंका विजय के बाद गोमती नदी में स्नान किया था, जबकि नैमिषारण्य में 33 कोटि देवी-देवताओं की तपस्थली भी गोमती के तट पर मानी जाती है। सरकार का उद्देश्य इस धार्मिक धरोहर को विश्व पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular